Follow us on

Home » राज्य समाचार » उत्तर प्रदेश » वाराणसी » त्योहारों से पहले पुलिस आयुक्त ने कसी कानून-व्यवस्था की कमान, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

त्योहारों से पहले पुलिस आयुक्त ने कसी कानून-व्यवस्था की कमान, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

Share this post:

वाराणसी। आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने रविवार को कैंप कार्यालय में राजपत्रित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जघन्य अपराधों, गैंगस्टर एक्ट, गोवध, एनडीपीएस अधिनियम, ई-समन, ई-नोटिस, ई-वारंट, ई-साक्ष्य, यूनिक एसआईडी क्रिएशन तथा लंबित एसआर मामलों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त ने लंबित गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) के प्रभावी निष्पादन के लिए तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाकर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा अभियान की प्रतिदिन समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी विवेचना को 30 दिनों से अधिक लंबित न रखा जाए और नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में एनडीपीएस अधिनियम के मामलों की समीक्षा करते हुए मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रखने पर जोर दिया गया। साथ ही ई-समन, ई-नोटिस और ई-वारंट के शत-प्रतिशत निष्पादन तथा ई-साक्ष्य पोर्टल पर डिजिटल साक्ष्यों के समयबद्ध अपलोड और अद्यतन के निर्देश दिए गए, ताकि न्यायिक प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी बन सके।

गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट के तहत निरोधात्मक कार्रवाई तेज करने, यूनिक एसआईडी निर्माण की लंबित प्रविष्टियों का शीघ्र सत्यापन करने तथा एसआर मामलों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर भी विशेष बल दिया गया।

महिला अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति दोहराते हुए पुलिस आयुक्त ने प्रत्येक शिकायत पर तत्काल एफआईआर दर्ज करने, निष्पक्ष विवेचना और त्वरित विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे पीड़िताओं को समय पर न्याय मिल सके।

आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता, प्रभावी गश्त, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सुचारु यातायात व्यवस्था तथा लगातार निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा सहित सभी राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि कमिश्नरेट के सभी थाना प्रभारी गूगल मीट के माध्यम से ऑनलाइन शामिल हुए।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x