वाराणसी। हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज के स्ववित्तपोषित शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष डॉ. नृपेंद्र सिंह के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय से सर्किट हाउस में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान शिक्षकों ने प्रदेश सरकार द्वारा उच्च शिक्षा के शिक्षकों को प्रदान की गई कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उच्च शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के समक्ष अनुदानित महाविद्यालयों में कार्यरत स्ववित्तपोषित शिक्षकों की वेतन विसंगति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया और शीघ्र समाधान की मांग की। शिक्षकों ने कहा कि लंबे समय से लंबित इस समस्या के निराकरण से हजारों शिक्षकों को राहत मिलेगी।
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनी और आश्वस्त किया कि स्ववित्तपोषित शिक्षकों की समस्याएं सरकार के संज्ञान में हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में सरकार सकारात्मक रूप से विचार कर रही है तथा जल्द ही उचित निर्णय लिया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल में महामंत्री डॉ. सत्येंद्र कुमार मिश्र, वरिष्ठ शिक्षक डॉ. आशुतोष द्विवेदी, डॉ. अनुज प्रकाश, डॉ. सुदीप कुमार सिंह सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।










