वाराणसी। शहर में स्वच्छ और किफायती ऊर्जा के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आशापुर स्थित आलोक फिलिंग स्टेशन (आईओसीएल) पर गेल इंडिया लिमिटेड ने अपने 46वें सीएनजी स्टेशन का शुभारंभ किया। स्टेशन का उद्घाटन गेल इंडिया के कार्यकारी निदेशक (सीजीडी) आशु सिंघल ने किया।
उद्घाटन अवसर पर आशु सिंघल ने कहा कि गेल इंडिया वाराणसी में स्वच्छ ऊर्जा के प्रसार और नागरिकों को बेहतर ईंधन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि नए सीएनजी स्टेशन के संचालन से आशापुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को किफायती, सुलभ एवं पर्यावरण-अनुकूल ईंधन की सुविधा प्राप्त होगी। कंपनी शहर में सीएनजी एवं पीएनजी नेटवर्क का तेजी से विस्तार कर रही है तथा आधुनिक तकनीक, उच्च सुरक्षा मानकों और निर्बाध आपूर्ति के माध्यम से बेहतर ऊर्जा समाधान उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर आलोक फिलिंग स्टेशन के स्वामी आलोक कुमार ने मुख्य अतिथि आशु सिंघल सहित उपस्थित अधिकारियों का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।

कार्यक्रम में गेल इंडिया के महाप्रबंधक सुशील कुमार, मुख्य प्रबंधक (स्टील) प्रवीण सिंह, मुख्य प्रबंधक (ओ एंड एम) चंदन कुमार, प्रबंधक (एफ एंड एस) आनंद मोहन, वरिष्ठ अधिकारी (मार्केटिंग) देवाशीष साहू, जे. आकाश, सुमित सागर, विकास कुमार समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं आलोक कुमार के परिजन उपस्थित रहे।







