वाराणसी, 17 जून 2026। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने ताजियादारों, धर्मगुरुओं एवं शहर के संभ्रांत नागरिकों के साथ पीस कमेटी की बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी ताजियों का आकार एवं ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप ही होगी। प्रत्येक ताजिये के लिए उत्तरदायी समिति का गठन कर उसकी जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी। किसी भी प्रकार की हुड़दंग, अराजकता या कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति में संबंधित आयोजकों को सीधे जिम्मेदार माना जाएगा।
प्रशासन ने निर्देश दिया कि किसी नई परंपरा की शुरुआत नहीं की जाएगी तथा ताजिया जुलूस केवल पूर्व निर्धारित एवं पारंपरिक मार्गों से ही निकाले जाएंगे। जुलूसों में भड़काऊ नारे, अस्त्र-शस्त्र या हथियारों का प्रदर्शन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत सभी ताजिया जुलूसों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी तथा ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। जुलूसों के साथ पुलिस बल बॉक्स फॉर्मेशन में तैनात रहेगा। आयोजकों को स्वयंसेवकों की तैनाती कर प्रशासन के साथ सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस आयुक्त ने ताजिया रखे जाने वाले स्थलों पर स्वयंसेवकों की निगरानी सुनिश्चित करने तथा यथासंभव सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी सलाह दी। जुलूसों में डीजे, ढोल-ताशों की ध्वनि निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने तथा किसी भी प्रकार के उत्तेजक या भड़काऊ गीत न बजाने के निर्देश दिए गए। इसके लिए डीजे संचालकों को भी उत्तरदायी ठहराया जाएगा।
बैठक में लोगों से अपील की गई कि वे शरारती एवं असामाजिक तत्वों पर नजर रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की तत्काल सूचना पुलिस को दें। प्रशासन ने बताया कि चिन्हित संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और सोशल मीडिया की सतत निगरानी की जा रही है। शस्त्र प्रदर्शन, करतबबाजी, अफवाह या भ्रामक सूचना प्रसारित कर माहौल खराब करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी रूट डायवर्जन योजना लागू की जाएगी। बैठक में विभिन्न समुदायों के बीच आपसी सौहार्द, भाईचारे और सहिष्णुता बनाए रखने की अपील भी की गई। इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा सहित नगर निगम, जल संस्थान, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।









