वाराणसी, 16 जून। बीएलडब्ल्यू ग्रीन्स गोल्फ कोर्स में आयोजित प्रथम डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन–वाराणसी गोल्फ टूर्नामेंट के पहले दौर में कोलकाता के सुनीत चौरसिया, मथुरा के मुकीम अली और नोएडा के दीपांकर कौशल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन-अंडर 67 के समान स्कोर के साथ संयुक्त बढ़त हासिल कर ली है। 25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में देशभर के 72 पेशेवर गोल्फर हिस्सा ले रहे हैं।
2026 पीजीटीआई नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष स्थान पर चल रहे सुनीत चौरसिया ने लगातार दो खिताब जीतने के बाद वाराणसी में भी अपना शानदार फॉर्म बरकरार रखा। उन्होंने सात बर्डी, दो बोगी और एक डबल बोगी के साथ 67 का स्कोर बनाया। सुनीत ने कहा कि 10वें होल पर डबल बोगी के बावजूद उन्होंने धैर्य बनाए रखा और रणनीति के अनुरूप खेलते हुए वापसी की। उन्होंने वाराणसी की गर्म और उमस भरी परिस्थितियों को चुनौतीपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसे मौसम में ऊर्जा और एकाग्रता बनाए रखना बेहद जरूरी था।
दूसरी ओर, मथुरा के मुकीम अली ने भी अपने सटीक खेल और बेहतरीन पटिंग के दम पर तीन-अंडर 67 का स्कोर बनाया। उन्होंने पांच बर्डी और दो बोगी लगाईं तथा 16वें से 18वें होल तक लगातार तीन बर्डी बनाकर लीडरबोर्ड में शीर्ष स्थान हासिल किया। मुकीम ने अपने प्रदर्शन का श्रेय मजबूत पटिंग और पूरे दिन के संतुलित खेल को दिया।

नोएडा के दीपांकर कौशल ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए संयुक्त बढ़त हासिल की। उनके राउंड की विशेष उपलब्धि पार-5 18वें होल पर लगाया गया ईगल रहा। दीपांकर ने चार बर्डी, एक बोगी और एक डबल बोगी के बावजूद 67 का स्कोर बनाया। उन्होंने बताया कि पूरे दिन उनकी बॉल-स्ट्राइकिंग बेहतरीन रही और उन्होंने 17 ग्रीन्स इन रेगुलेशन हासिल किए। बीएलडब्ल्यू ग्रीन्स गोल्फ कोर्स की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि मौसम की चुनौतियों के बावजूद कोर्स उत्कृष्ट स्थिति में है।
प्रतियोगिता में दिल्ली के पवन वर्मा और गुरुग्राम के निखिल शर्मा दो-अंडर 68 के स्कोर के साथ संयुक्त चौथे स्थान पर रहे। वहीं कोलकाता के प्रतीम कुमार, सौविक नायक तथा वाराणसी के स्थानीय खिलाड़ी हेमंत यादव एक-अंडर 69 के साथ संयुक्त छठे स्थान पर काबिज हैं।
पहले दिन का खेल खिलाड़ियों के लिए आसान नहीं रहा। कठिन मौसम और चुनौतीपूर्ण कोर्स के कारण 72 खिलाड़ियों के मैदान में केवल 11 खिलाड़ी ही इवन-पार 70 या उससे बेहतर स्कोर बना सके। वाराणसी के एक अन्य स्थानीय पेशेवर खिलाड़ी इमामुल हक 73 के स्कोर के साथ संयुक्त 26वें स्थान पर रहे।
उल्लेखनीय है कि 2026 डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ मेरिट का विजेता वर्ष 2027 के मुख्य पीजीटीआई टूर में खेलने का विशेष अधिकार प्राप्त करेगा।










