वाराणसी। पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र में युवाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में कार्यरत नेशनल फिनिशिंग एंड कुकरी इंस्टीट्यूट (एनएफसीआई), दुर्गाकुंड के वार्षिक दीक्षांत समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में होटल मैनेजमेंट, कुलिनरी आर्ट्स एवं बेकरी पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं को डिग्री और प्रमाणपत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि होटल कास्टिलो के एग्जीक्यूटिव शेफ रविंद्र मौर्य द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वाराणसी तेजी से पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के महत्वपूर्ण वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। ऐसे समय में एनएफसीआई जैसे संस्थान युवाओं को व्यावहारिक एवं उद्योगोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यहां से प्रशिक्षित छात्र देश-विदेश के प्रतिष्ठित होटलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर काशी और भारत का नाम गौरवान्वित करेंगे।
संस्थान की निदेशक श्वेता खेमका, नेहा मेहरोत्रा तथा ब्रांच मैनेजर अफ्शा खान ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि छात्रों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने बताया कि एनएफसीआई के कई विद्यार्थियों का चयन देश के प्रतिष्ठित होटल समूहों जैसे ताज, रेडिसन, होलीडे इन और मेरियट में हुआ है, जो संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रशिक्षण का प्रमाण है।

समारोह में शेफ मोहम्मद कादिर, सुमन, मधु, रितिका और वर्षा सहित संस्थान के अन्य शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान अलवीरा, अपूर्व, आशीष, वैभव, साजन, नरेंद्र, शालिनी, राजेश्वरी, रोहित, अंजलि, विजय, लक्ष्मी और निवेदिता सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
दीक्षांत समारोह का वातावरण उत्साह, गौरव और उपलब्धि की भावना से सराबोर रहा। विद्यार्थियों ने इसे अपने जीवन की नई शुरुआत बताते हुए संस्थान और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।









