वाराणसी। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) का 72वाँ स्थापना दिवस गुरुवार को पिशाचमोचन स्थित भारतीय मजदूर संघ कार्यालय में उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने श्रमिक हितों के संरक्षण, संगठन की विचारधारा तथा राष्ट्र निर्माण में श्रमिकों की भूमिका को रेखांकित करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता तथा भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक श्रद्धेय दत्तोपंत ठेंगड़ी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राजीव सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष दूधनाथ, संभाग प्रमुख रामकृष्ण तथा शंकर दयाल श्रीवास्तव सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने भारतीय मजदूर संघ की 72 वर्षों की गौरवशाली यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन ने सदैव श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा, उनके हितों के संरक्षण और राष्ट्रहित सर्वोपरि की भावना के साथ कार्य किया है। उन्होंने संगठन की कार्यशैली, श्रमिक कल्याण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व को रेखांकित करते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और श्रमिकों के हितों के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने भारतीय मजदूर संघ को और अधिक मजबूत बनाने तथा श्रमिकों के कल्याण के लिए निरंतर सक्रिय रहने का सामूहिक संकल्प लिया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।










