Follow us on

Home » Uncategorized » 572 इंजनों का रिकॉर्ड उत्पादन: बरेका ने रचा औद्योगिक इतिहास

572 इंजनों का रिकॉर्ड उत्पादन: बरेका ने रचा औद्योगिक इतिहास

Share this post:

 

वाराणसी, 02 अप्रैल 2026। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) ने वित्तीय वर्ष 2025–26 में 572 रेल इंजनों का अभूतपूर्व निर्माण कर नया इतिहास रच दिया है। यह अब तक का सर्वाधिक वार्षिक उत्पादन है, जो बरेका की तकनीकी दक्षता, कार्यकुशलता और टीम भावना का प्रतीक है।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने कार्यशाला पहुंचकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी और उनके योगदान की सराहना की। इस दौरान उन्होंने कार्यशाला परिसर में नव निर्मित उद्यान का उद्घाटन भी किया, जो बरेका की पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

महाप्रबंधक ने कहा कि 572 रेल इंजनों का निर्माण न केवल एक नया कीर्तिमान है, बल्कि यह भारतीय रेल के आत्मनिर्भर और सशक्त भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है। उन्होंने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में उत्पादन में लगभग 20 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। उपलब्ध कार्य दिवसों के आधार पर बरेका ने प्रति दिन औसतन 1.9 रेल इंजन का निर्माण कर अपनी उत्पादन क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

वित्तीय वर्ष 2025–26 में बरेका द्वारा कुल 558 विद्युत रेल इंजनों का निर्माण किया गया, जो रेलवे बोर्ड के 553 इंजनों के लक्ष्य से अधिक है। इनमें 401 WAG-9, 143 WAP-7 तथा 14 अमृत भारत श्रेणी के WAP-7 इंजन शामिल हैं। इसके अलावा बरेका ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान मजबूत करते हुए मोजाम्बिक को 10 रेल इंजनों का निर्यात किया तथा गैर-रेलवे ग्राहकों के लिए 4 डीजल इंजनों का निर्माण किया।

बरेका की स्थापना से मार्च 2026 तक कुल 11,259 रेल इंजनों का निर्माण किया जा चुका है, जिसमें 2,925 विद्युत इंजन शामिल हैं। यह आंकड़ा भारतीय रेल के विकास में बरेका की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करता है।

इन-हाउस निर्माण में भी बरेका ने उल्लेखनीय प्रगति की है। विद्युत शेल निर्माण में 93 प्रतिशत, एचएचपी टर्बो ओवरहॉलिंग में 20 प्रतिशत, पावर असेंबली में 186 प्रतिशत और वाटर पंप असेंबली में 482 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

आगामी वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए रेलवे बोर्ड ने बरेका को 642 विद्युत इंजनों के निर्माण का महत्वाकांक्षी लक्ष्य दिया है, जिसमें 166 अमृत भारत इंजन शामिल हैं। इसके साथ ही 15 इंजनों की पीरियाडिक ओवरहॉलिंग तथा विभिन्न इन-हाउस कंपोनेंट्स के उत्पादन के लक्ष्य भी निर्धारित किए गए हैं।

महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने टीम बरेका की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि कर्मचारी अपने समर्पण, तकनीकी दक्षता और नवाचार के बल पर भविष्य में भी नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे और भारतीय रेल के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते रहेंगे।

इस अवसर पर बरेका के सभी प्रमुख विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी परिषद के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x