चंदौली | 28 दिसम्बर, 2025 जनपद चंदौली में असहाय एवं जरूरतमंद बच्चों के कल्याण हेतु महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित स्पॉन्सरशिप योजना एवं मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना लाभार्थियों के लिए वरदान साबित हो रही है। इन योजनाओं के अंतर्गत पात्र परिवारों के बच्चों को प्रतिमाह ₹4,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे उनकी शिक्षा, पालन-पोषण और भविष्य सुरक्षित हो सके।योजना का लाभ लेने के लिए इच्छुक एवं पात्र आवेदक ऑनलाइन पोर्टल https://www.mbsyup.in पर आवेदन कर सकते हैं। विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार एक परिवार से अधिकतम दो बच्चों को ही इस योजना का लाभ दिया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रभात कुमार ने बताया कि योजना का उद्देश्य उन बच्चों को सहारा देना है, जो माता-पिता की मृत्यु, गंभीर बीमारी या अत्यधिक गरीबी के कारण कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि आवेदन के समय आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य है। इनमें माता या दोनों माता-पिता का मृत्यु प्रमाण पत्र, माता या संरक्षक का आय प्रमाण पत्र, बच्चे का एनपीसीआई युक्त बैंक पासबुक (यदि संरक्षक माता है), तथा बच्चे का विद्यालय प्रमाण पत्र शामिल है। इसके अतिरिक्त, बच्चे के पासपोर्ट साइज फोटो, माता-पिता एवं बच्चे का आधार कार्ड, अभिभावक का निवास प्रमाण पत्र भी आवश्यक होगा। यदि बच्चा दिव्यांग है तो दिव्यांगता प्रमाण पत्र, माता-पिता अथवा अभिभावक के असाध्य रोग से पीड़ित होने का प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र या हाईस्कूल की मार्कशीट तथा एक वैध मोबाइल नंबर भी आवेदन के साथ देना होगा।अधिक जानकारी के लिए आवेदक जिला प्रोबेशन कार्यालय, चंदौली से संपर्क कर सकते हैं।









