वाराणसी। मैदागिन चौराहे पर लगातार लग रहे भीषण जाम से स्थानीय नागरिकों और तीर्थयात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। जैसे ही इस गंभीर समस्या की सूचना मिली, एसीपी ट्रैफिक सोमवीर सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का स्वयं जायजा लिया। एसीपी ट्रैफिक ने न सिर्फ अधिकारियों को निर्देश दिए, बल्कि खुद सड़क पर उतरकर यातायात व्यवस्था की कमान संभाली। उनके त्वरित हस्तक्षेप से मौजूदा ट्रैफिक व्यवस्था में तत्काल सुधार हुआ और चौराहे को जाममुक्त कर वाहनों का आवागमन सुचारू किया गया। एसीपी सोमवीर सिंह ने बताया कि जनता की समस्याओं को सुनना और उनका तुरंत समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। उनके इस सक्रिय प्रयास से चौराहे पर फंसे यात्रियों और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली।नागरिकों ने एसीपी ट्रैफिक के इस जिम्मेदार, संवेदनशील और सक्रिय रवैये की खुले दिल से सराहना की। ट्रैफिक पुलिस का यह कदम आमजन के प्रति कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा का सराहनीय उदाहरण माना जा रहा है।









