वाराणसी। काशी की सांगीतिक परंपरा को समर्पित त्रिदिवसीय शिवरात्रि संगीत महोत्सव का भव्य आयोजन 14, 15 एवं 16 फरवरी को सायं 7 बजे से श्री हनुमान प्रसाद पोद्दार अंधविद्यालय, दुर्गाकुण्ड के प्रांगण में किया जाएगा। विगत 35 वर्षों से यह महोत्सव प्रख्यात कथावाचक रमेश भाई ओझा “भाई श्री” के सानिध्य में निरंतर आयोजित होता आ रहा है।
कार्यक्रम संयोजक केशव जालान एवं कृष्ण कुमार जालान ने पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष महोत्सव में देश के ख्यातिलब्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
महोत्सव का शुभारंभ श्रीमती भावना क्याल एवं सुश्री रिचा जालान के आकर्षक कथक नृत्य से होगा। इसके पश्चात उपशास्त्रीय गायक भगीरथ जालान गायन प्रस्तुत करेंगे। प्रथम निशा का समापन पं. रामकुमार मिश्रा, राहुल कुमार मिश्र, कृष्ण कुमार उपाध्याय एवं आदित्य मिश्रा के ऊर्जावान तबला वादन से होगा।

दूसरी संध्या का आरंभ पं. सुखदेव प्रसाद मिश्रा के मधुर वायलिन वादन से होगा। तत्पश्चात श्रीमती कृपा रवि भरतनाट्यम नृत्य प्रस्तुत करेंगी। इस निशा का समापन विदुषी मंजूषा पाटिल के प्रभावशाली शास्त्रीय गायन से होगा।
अंतिम दिन की संध्या में पद्मश्री शिवमणि (ड्रम) एवं यू राजेश के मेन्डोलिन वादन से कार्यक्रम का प्रारंभ होगा। इसके बाद डॉ. रागिनी सरना शास्त्रीय गायन प्रस्तुत करेंगी। महोत्सव का भव्य समापन सुप्रसिद्ध कथक आचार्य राजेन्द्र गंगानी की मनमोहक प्रस्तुति से होगा।
तीन दिवसीय इस सांगीतिक आयोजन में शास्त्रीय संगीत, नृत्य एवं वादन की विविध विधाओं का संगम देखने को मिलेगा। काशीवासियों के लिए यह महोत्सव शिवभक्ति और सांस्कृतिक साधना का अनुपम अवसर साबित होगा।








