वाराणसी। संपूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के शैक्षिक सत्र 2026-27 में संचालित स्ववित्तपोषित योग पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी गई है। छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. शैलेश कुमार मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 05 जून 2026 तक विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट ssvvonline.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
जारी सूचना के अनुसार योग शास्त्री (बी.एड.), योग आचार्य (एम.एड.) एवं पीजी डिप्लोमा इन योग पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन आज से प्रारम्भ हो गया है। अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने के साथ निर्धारित शुल्क भी ऑनलाइन माध्यम से जमा करना होगा।
प्रो. मिश्र ने बताया कि योग शास्त्री पाठ्यक्रम में उत्तर मध्यमा अथवा इंटरमीडिएट उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं, जबकि योग आचार्य एवं पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए स्नातक अथवा समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।

उन्होंने कहा कि प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं नियमानुसार संचालित की जाएगी। प्रत्येक सेमेस्टर में अधिकतम 60 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा, जिसमें संस्कृत पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों के लिए आरक्षित सीटों का भी प्रावधान किया गया है। छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष ने इच्छुक विद्यार्थियों से निर्धारित समयावधि के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की।









