वाराणसी। थाना चितईपुर क्षेत्र स्थित हैदराबाद गेट पर महिला के साथ अभद्रता का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को सीज कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 अप्रैल को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें स्कॉर्पियो वाहन सवार दो व्यक्ति एक महिला से वाद-विवाद और अभद्र व्यवहार करते नजर आए। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की, जिसमें घटना 9 अप्रैल की रात लगभग 11 बजे की पाई गई।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर महिला अपराधों की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर के नेतृत्व में चितईपुर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। चौकी प्रभारी विवेक शुक्ला के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी दीपनारायण सिंह (29 वर्ष), निवासी रॉबर्ट्सगंज, सोनभद्र को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो (UP67AB 0080) को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।









