वाराणसी। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 88वें स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को पहाड़िया मंडी स्थित 95वीं बटालियन परिसर में गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। देशभक्ति और उत्साह से ओत-प्रोत वातावरण में आयोजित कार्यक्रम में अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए बल के शौर्य, त्याग और राष्ट्रसेवा के संकल्प को दोहराया गया।
समारोह की शुरुआत शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस दौरान 95वीं बटालियन के कमांडेंट आर. एस. बालापुरकर, द्वितीय कमान अधिकारी राजेश कुमार एवं आलोक कुमार, उप कमांडेंट नवनीत कुमार और वीरेंद्र सिंह, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. रवि प्रकाश सुनकर, सहायक कमांडेंट रंजन कुमार एवं कृष्णा कुमार यादव, निरीक्षक प्रिंस कुमार सिंह, प्रवीण कुमार सिंह तथा अनिल कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
इसके बाद कमांडेंट आर. एस. बालापुरकर ने जवानों को संबोधित करते हुए उनके साहस, अनुशासन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ का हिस्सा होना प्रत्येक सदस्य के लिए गर्व की बात है और देश की सुरक्षा के लिए बल की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है।

स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में बटालियन की विभिन्न समवाय (कंपनियों) में खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें जवानों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से टीम भावना, अनुशासन और आपसी समन्वय को बढ़ावा दिया गया।
कार्यक्रम का समापन बल के भोजनालय में आयोजित पारंपरिक ‘बड़ा खाना’ के साथ हुआ, जिसमें अधिकारियों और जवानों ने एक साथ भोजन कर एकजुटता, भाईचारे और संगठनात्मक समरसता का संदेश दिया।










