Follow us on

Home » राज्य समाचार » उत्तर प्रदेश » वाराणसी » श्रावण और कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन सतर्क, होटल-ढाबा संचालकों को दिए सख्त निर्देश

श्रावण और कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन सतर्क, होटल-ढाबा संचालकों को दिए सख्त निर्देश

Share this post:

वाराणसी। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को गोमती जोन के अपर पुलिस उपायुक्त नृपेन्द्र ने थाना मिर्जामुराद परिसर में कांवड़ मार्ग पर स्थित होटल, ढाबा, चिकित्सालय एवं अन्य प्रतिष्ठानों के संचालकों तथा क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों के साथ गोष्ठी कर शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों से अवगत कराया।

बैठक में अपर पुलिस उपायुक्त ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के साथ सम्मानजनक एवं सहयोगपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। सभी होटल, ढाबों और भोजनालयों में साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, शौचालय सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा बासी या मिलावटी खाद्य सामग्री का किसी भी स्थिति में उपयोग अथवा विक्रय न किया जाए।

उन्होंने सभी प्रतिष्ठानों पर खाद्य पदार्थों की स्पष्ट रेट लिस्ट प्रदर्शित करने और निर्धारित मूल्य से अधिक राशि न वसूलने के निर्देश दिए। साथ ही प्रतिष्ठानों के बाहर अतिक्रमण न करने, वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने तथा कांवड़ मार्ग पर यातायात बाधित न होने देने पर भी जोर दिया।

गोष्ठी में संचालकों से कहा गया कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु, वाहन या गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा डायल-112 को दें। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से बचने तथा बिना सत्यापन किसी भी संदेश को साझा न करने की अपील भी की गई।

अपर पुलिस उपायुक्त ने प्रमुख प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रखने, आवश्यकता पड़ने पर फुटेज उपलब्ध कराने, होटल एवं ढाबों में कार्यरत कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने तथा सत्यापन रहित व्यक्तियों को रोजगार या आश्रय न देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी विवाद या कानून-व्यवस्था की स्थिति में स्वयं कार्रवाई करने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें और कानून अपने हाथ में लेने से बचें।

बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान एम्बुलेंस, पुलिस, अग्निशमन एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों का निर्बाध आवागमन सुनिश्चित किया जाए। मीट, मछली एवं मुर्गा विक्रेताओं को भी शासन-प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए स्वच्छता, धार्मिक संवेदनशीलता और कानून-व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने के लिए कहा गया।

गोष्ठी में सहायक पुलिस आयुक्त राजातालाब, प्रभारी निरीक्षक मिर्जामुराद सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x