वाराणसी। दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत संचालित श्री अन्नपूर्णा स्वयं सहायता समूह की ओर से पिछले वर्षों की भांति इस वर्ष भी वाराणसी के सनातन धर्म इंटर कॉलेज में ‘दीदी कैफे’ के माध्यम से अपनी सेवाएं दी जाएंगी।
समूह की अध्यक्ष रूपाली देव ने बताया कि ‘दीदी कैफे’ की सेवा पिछले चार वर्षों से निरंतर जारी है। इसका मुख्य उद्देश्य काशी दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण अल्पाहार उपलब्ध कराना है। इस कार्य में समूह की अध्यक्ष के साथ अन्य सहयोगी भी सक्रिय भूमिका निभाते हैं। इस पहल को सफल बनाने में प्रशासन का भी पूरा सहयोग मिलता आया है।
उन्होंने बताया कि समूह का प्रयास है कि काशी आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छता और गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए बेहतर अल्पाहार उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, इस पहल के माध्यम से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को स्वावलंबी बनाने और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का भी प्रयास किया जा रहा है।











