⁰
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) परिसर में विजयादशमी पर्व के मद्देनजर 20 अक्टूबर को विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। इसके तहत ककरमत्ता मुख्य प्रवेश द्वार, एफसीआई गेट, नाथूपुर गेट, पहाड़ी गेट और कंदवा गेट दोपहर दो बजे से रावण दहन तक बंद रहेंगे। इस दौरान रेल कर्मचारी वैध पहचान पत्र और आम नागरिक रामलीला मंचन एवं रावण दहन का वैध प्रवेश पास दिखाकर ही परिसर में प्रवेश कर सकेंगे।
बरेका प्रशासन ने यह व्यवस्था भीड़ नियंत्रण, जनसुरक्षा और किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम के उद्देश्य से की है। विजयादशमी पर परिसर में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी से सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

बरेका परिसर स्थित केंद्रीय खेल मैदान में विजयादशमी समारोह पारंपरिक उल्लास और भव्यता के साथ आयोजित होगा। शाम 4:30 बजे से रात 8 बजे तक रामलीला का मंचन, आकर्षक आतिशबाजी और रावण सहित अन्य पुतलों का दहन किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत होंगे।
समारोह में 70 फीट ऊंचे रावण, 65 फीट ऊंचे कुंभकरण और 60 फीट ऊंचे मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। यह आयोजन बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देगा।
बरेका प्रशासन ने रेल कर्मचारियों और आम नागरिकों से निर्धारित प्रवेश पास एवं पहचान पत्र साथ रखने तथा जिला प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि विजयादशमी का पर्व सुरक्षित, शांतिपूर्ण और आनंदमय वातावरण में संपन्न हो सके।










