वाराणसी। भारतीय वायु सेना की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 25 अक्टूबर को वाराणसी के नमो घाट पर ‘वायु सेना दिवस हवाई प्रदर्शन-2026’ का आयोजन किया जाएगा। ‘विंग्स ओवर गंगा’ थीम पर होने वाले इस कार्यक्रम में गंगा के ऊपर भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमान और हेलीकॉप्टर अपनी उड़ान क्षमता, गति, सटीकता और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन में भारतीय वायु सेना की प्रमुख प्रदर्शन टीमें भी हिस्सा लेंगी।
रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, इस हवाई प्रदर्शन में सूर्य किरण एरोबैटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम अपने हैरतअंगेज करतब दिखाएंगी। इसके अलावा राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, तेजस और हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर ‘प्रचंड’ सहित कई विमान हिस्सा लेंगे। आईएल-76, आईएल-78, सी-295 और एएन-32 जैसे विमानों के साथ भारतीय नौसेना और थल सेना के विमान भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
गंगा और काशी की ऐतिहासिक विरासत की पृष्ठभूमि में आयोजित यह कार्यक्रम भारत की सांस्कृतिक परंपरा और आधुनिक विमानन क्षमताओं का संगम बनेगा। विमानों के सामूहिक उड़ान प्रदर्शन के दौरान दर्शकों को वायु सेना के प्रशिक्षण, तकनीकी दक्षता, अनुशासन और आपसी तालमेल की झलक देखने को मिलेगी।

यह आयोजन आम लोगों को भारतीय वायु सेना की कार्यप्रणाली और क्षमताओं से परिचित कराने के साथ युवाओं को विमानन एवं एयरोस्पेस तकनीक के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगा। इसके माध्यम से वायु सेना में उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के महत्व को भी सामने लाया जाएगा।
‘विंग्स ओवर गंगा’ की परिकल्पना काशी की शाश्वत गंगा और भारतीय वायु सेना की आधुनिक तकनीक एवं उड़ान कौशल को एक मंच पर प्रस्तुत करने की है। गंगा के ऊपर विमानों की गर्जना और सटीक हवाई करतब काशीवासियों के लिए एक यादगार अनुभव होंगे। यह आयोजन भारतीय वायु सेना के आदर्श वाक्य ‘नभः स्पृशं दीप्तम्’ की भावना को भी प्रदर्शित करेगा।










