वाराणसी में होमगार्ड भर्ती परीक्षा–2026 को सकुशल एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने शनिवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित यह परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को शहर के 45 केंद्रों पर दो पालियों में कराई जा रही है। प्रतिदिन करीब 40 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है, जबकि तीन दिनों में कुल संख्या 1.20 लाख से अधिक पहुंच सकती है। आसपास के जनपदों—बलिया, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर, मऊ, मिर्जापुर और प्रयागराज—से भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आने को देखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त ने जेपी मेहता इंटर कॉलेज, यूपी कॉलेज और रानी मुरार बालिका इंटर कॉलेज समेत कई केंद्रों का दौरा किया। यहां अभ्यर्थियों के प्रवेश, पहचान पत्र जांच, सीसीटीवी निगरानी, भीड़ नियंत्रण और पुलिस तैनाती की व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा गया।

उन्होंने शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों का भी निरीक्षण कर यातायात प्रबंधन की समीक्षा की। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए कि परीक्षा अवधि के दौरान पूर्ण सतर्कता बरतें, संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखें और अभ्यर्थियों के आवागमन को सुगम बनाएं।
पुलिस प्रशासन द्वारा सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा, बैरिकेडिंग, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी, अनधिकृत भीड़ पर रोक, साइबर एवं सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और मोबाइल पेट्रोलिंग की विशेष व्यवस्था की गई है। साथ ही, यातायात पुलिस और स्थानीय थानों को समन्वय बनाकर ट्रैफिक सुचारु रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अपर पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि परीक्षा को पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी तरह की अफवाह, गड़बड़ी या अवांछित गतिविधि पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।









