Follow us on

Home » क्राइम » वाराणसी रेलवे स्टेशन पर वन्यजीव तस्करी का बड़ा खुलासा, 334 जिंदा तोतों के साथ तस्कर गिरफ्तार

वाराणसी रेलवे स्टेशन पर वन्यजीव तस्करी का बड़ा खुलासा, 334 जिंदा तोतों के साथ तस्कर गिरफ्तार

Share this post:

वाराणसी। वाराणसी रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध वन्यजीव तस्करी का पर्दाफाश किया है। टीम ने 334 जिंदा भारतीय तोतों (रोज़-रिंग्ड पैराकीट) के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई विशेष अभियान के तहत प्लेटफॉर्म नंबर–5 पर की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन्यजीव विभाग से मिली गोपनीय सूचना के आधार पर RPF और GRP की टीम ने 13006 अमृतसर–हावड़ा एक्सप्रेस की सघन जांच की। सूचना थी कि ट्रेन के एक सामान्य कोच में एक व्यक्ति प्लास्टिक के झोलों में बड़ी संख्या में तोते ले जा रहा है। ट्रेन के वाराणसी स्टेशन पर रुकते ही टीम ने अंतिम सामान्य डिब्बे की तलाशी शुरू की। जांच के दौरान एक सीट के नीचे रखे प्लास्टिक झोलों से पक्षियों की आवाज सुनाई दी। झोलों को बाहर निकालने पर कुल सात बड़े प्लास्टिक बैग बरामद किए गए। इसी दौरान कोच में मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई, तो एक व्यक्ति संदिग्ध रूप से भागने लगा, जिसे टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तार व्यक्ति ने अपना नाम मोहम्मद जाहिद (30 वर्ष) पुत्र — निवासी जिला वर्धमान, पश्चिम बंगाल बताया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि सभी झोले उसी के हैं और वह इन तोतों को अमेठी से पटना ले जा रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से ₹3,700 नकद और एक पोको कंपनी का एंड्रॉइड मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। जब जब्त किए गए सातों झोलों को खोलकर गिनती की गई, तो उनमें कुल 334 हरे रंग के जिंदा तोते पाए गए। मौके पर पहुंचे वन विभाग के अधिकारियों ने पुष्टि की कि ये सभी तोते रोज़-रिंग्ड पैराकीट प्रजाति के हैं, जिनका शिकार और व्यापार वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रतिबंधित है। कार्रवाई के उपरांत गिरफ्तार तस्कर, बरामद नकदी, मोबाइल फोन एवं सभी 334 तोतों को अग्रिम विधिक कार्रवाई हेतु वन विभाग की टीम को सौंप दिया गया। बताया गया कि यह कार्रवाई रेलवे के अपर पुलिस महानिदेशक शप्रकाश डी, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे राजेश मोदक, पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशान्त वर्मा तथा पुलिस उपाधीक्षक रेलवे वाराणसी कुँवर प्रभात सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत की गई। अभियान का उद्देश्य रेलवे परिसरों में अपराधों की रोकथाम, तस्करी पर अंकुश और अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करना है। इस सफल ऑपरेशन में GRP कैंट वाराणसी, RPF पोस्ट वाराणसी, RPF BSB, CIB BSB और RPF पोस्ट जंघई की संयुक्त टीम शामिल रही। अभियान का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर एवं निरीक्षक संदीप कुमार यादव ने किया।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x