वाराणसी। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की गति बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं मैदान में उतर चुके हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मंडलों की समीक्षा के बाद अब सीएम पूर्वांचल दौरे पर हैं। इसी क्रम में वह 11 दिसम्बर को वाराणसी पहुंचेंगे, जहां सर्किट हाउस में मंडलस्तरीय समीक्षा बैठक होगी।
बैठक में वाराणसी, गाजीपुर, चंदौली और जौनपुर के सांसद, विधायक, एमएलसी, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, साथ ही महानगर और काशी क्षेत्र के महत्वपूर्ण पदाधिकारी शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त सभी विधानसभा क्षेत्रों के एसआईआर संयोजक, सेक्टर संयोजक, जिला-नगर स्तर के प्रभारी और महामंत्री भी मौजूद रहेंगे। संबंधित पदाधिकारियों को बैठक की सूचना भेज दी गई है।
मुख्यमंत्री योगी आजमगढ़ मंडल की समीक्षा के बाद दिन में वाराणसी पहुंचेंगे। यहां होने वाली बैठक में वे एसआईआर में पीछे रहने के कारणों, अभियान की वर्तमान प्रगति, बूथवार फॉर्म वितरण, संग्रह, डिजिटाइजेशन और मैपिंग पर विशेष चर्चा करेंगे। जनप्रतिनिधियों से बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) की ज़िम्मेदारियों और उनकी कार्यशीलता को लेकर भी जवाब-तलब होने की संभावना जताई जा रही है।

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि एसआईआर अभियान को सुचारु रूप से आगे बढ़ाने के लिए बूथवार विस्तृत ब्योरा तैयार किया जा रहा है, जिसे मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
सीएम के इस दौरे को एसआईआर अभियान में तेजी लाने और संगठन-प्रशासन की सामंजस्यपूर्ण कार्यशैली सुनिश्चित करने के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।









