वाराणसी। वाराणसी के पत्रकारों के लिए मीडिया हाउस बनवाने का आश्वासन उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने दिया। वह शनिवार को शिवपुर स्थित होटल रवींद्राया रेसिडेंसी में उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) वाराणसी इकाई द्वारा आयोजित हिंदी पत्रकारिता दिवस समारोह में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के हितों और समस्याओं के समाधान के लिए वह सदैव सहयोग देने को तत्पर हैं।
समारोह में काशी के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित पत्रकारों को “पत्रकारिता शिखर सम्मान” से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में वरिष्ठ पत्रकार शुभकार दुबे, सुरेश प्रताप सिंह, योगेश कुमार गुप्त, विकास पाठक, शरद वाजपेयी एवं प्रदीप उपाध्याय शामिल रहे।
मुख्य अतिथि मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि पत्रकारों की जो भी समस्याएं हैं, उन्हें प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री तक पहुंचाकर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने उपज के महामंत्री मोनेश श्रीवास्तव से पत्रकारों की समस्याओं और मांगों का विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर उपलब्ध कराने को कहा, ताकि उसे शासन स्तर तक पहुंचाकर क्रियान्वयन कराया जा सके।

विशिष्ट अतिथि कांची कामकोटि पीठ के प्रतिनिधि बी.एस. सुब्रह्मण्यम मणि ने अपने संबोधन में कहा कि जिस प्रकार हम भगवान भास्कर के दर्शन के साथ दिन की शुरुआत करते हैं, उसी प्रकार समाचार पत्रों के माध्यम से देश-दुनिया की गतिविधियों से अवगत होते हैं। उन्होंने कहा कि समाज को जागरूक बनाने में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
मुख्य वक्ता बीएचयू पत्रकारिता विभाग के आचार्य बाल लखेंद्र ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता को और सशक्त बनाने के लिए अंग्रेजियत की मानसिकता से बाहर निकलना होगा। आज हिंदी पत्रकारिता पूरे देश में अपनी मजबूत पहचान और विश्वसनीयता स्थापित कर चुकी है।
विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य चेत नारायण सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता जोखिम भरा कार्य बन चुकी है, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि पत्रकारों की सुरक्षा के लिए अभी तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं हो सकी है।
उपज अध्यक्ष विनोद बागी ने मंत्री के समक्ष पत्रकारों एवं समाचार पत्र कर्मियों के लिए कैशलेस चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि सरकार विभिन्न वर्गों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करा रही है, लेकिन पत्रकार आज भी इस सुविधा से वंचित हैं, जो चिंता का विषय है।
कार्यक्रम में विश्व प्रसिद्ध तबला वादक पंडित अशोक पांडे ने तबला वादन प्रस्तुत किया, जबकि वायलिन पर पंडित सुखदेव मिश्र ने संगत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री मोनेश श्रीवास्तव ने किया। स्वागत उद्बोधन डॉ. अरविंद कुमार सिंह ने तथा धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष अनिल जायसवाल ने किया।









