वाराणसी। वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स सेवा संस्थान, उत्तर प्रदेश की प्रांतीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों, सम्मान एवं भविष्य की सुरक्षा से जुड़ी दो सूत्रीय मांगों को लेकर व्यापक जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। 8 सितंबर 2026 को आयोजित प्रांतीय वीडियो कॉन्फ्रेंस में प्रदेशभर के पदाधिकारियों की मौजूदगी में सर्वसम्मति से तय किया गया कि आगामी 2 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2026 तक जागरण पखवाड़ा अभियान चलाकर वरिष्ठ नागरिकों की मांगों का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
संस्थान की प्रमुख दो सूत्रीय मांगों में वैलिडेशन एक्ट-2025 को वापस लेने तथा वरिष्ठ नागरिक आयोग का गठन करने की मांग शामिल है। पदाधिकारियों ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को अपने अधिकारों, भविष्य और सम्मान की रक्षा के लिए एकजुट होकर प्रभावी ढंग से अपनी आवाज बुलंद करनी होगी। जागरण पखवाड़े के दौरान इन मांगों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
पदाधिकारियों ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स सेवा संस्थान हमेशा वरिष्ठ नागरिकों के हितों की आवाज मजबूती से उठाता रहा है और आगे भी उनके अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा के लिए संघर्षरत रहेगा। संगठन इस उद्देश्य के प्रति पूरी तरह कृतसंकल्पित है और सभी वरिष्ठ नागरिकों से अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है।
इस अवसर पर वाराणसी के जिला अध्यक्ष राजेश्वर पाण्डेय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष ई. आनंद लाल तथा जिला मंत्री जय राज बहादुर सिंह ने वरिष्ठ नागरिकों से एकजुट होकर जागरण पखवाड़ा अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।











