वाराणसी। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ कथित अमर्यादित एवं लोकतंत्र विरोधी गतिविधियों के विरोध में बुधवार को महानगर कांग्रेस कमेटी, वाराणसी के निर्देश पर कांग्रेस पदाधिकारियों और विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधियों ने शहर के अलग-अलग थानों में तहरीर सौंपकर भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।
महानगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष चंचल शर्मा के नेतृत्व में लंका थाने पर तहरीर दी गई। वहीं महानगर उपाध्यक्ष सतनाम सिंह ने रामनगर थाने, राजेश गुप्ता ने कोतवाली थाने, कांग्रेस विधि प्रकोष्ठ ने कैंट थाने तथा महिला कांग्रेस अध्यक्ष अनुराधा यादव एवं महानगर उपाध्यक्ष वकील अंसारी ने मंडुवाडीह थाने पर पहुंचकर कार्रवाई की मांग उठाई।
महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक मर्यादाओं की अनदेखी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और अजय राय के खिलाफ लगातार अपमानजनक एवं अशोभनीय गतिविधियां की जा रही हैं, जो निंदनीय हैं। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान चंचल शर्मा, अनुराधा यादव, सतनाम सिंह, वकील अंसारी, राजेश गुप्ता, ओम शुक्ला, धीरज सोनकर, आयुष पटेल, संतोष सिंह और आजाद दुबे समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।










