वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के लिए यह बड़े हर्ष एवं गर्व का विषय है कि बरेका की प्रतिभाशाली क्रिकेट खिलाड़ी सुश्री प्रिया पटेल का चयन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) द्वारा आयोजित 69वीं राष्ट्रीय विद्यालय क्रिकेट अंडर-19 बालिका प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश टीम में किया गया है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 01 जनवरी से 06 जनवरी 2026 तक शिवपुरी (मध्य प्रदेश) में आयोजित की जाएगी। सुश्री प्रिया पटेल एक कुशल विकेटकीपर एवं दाएं हाथ की मध्यक्रम की प्रतिभाशाली बल्लेबाज हैं। वर्तमान में वह बनारस रेल इंजन कारखाना क्रिकेट अकादमी में कोच श्री अनिल राय के कुशल मार्गदर्शन में नियमित रूप से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उनके चयन से बरेका खेल जगत में उत्साह का माहौल है। प्रिया पटेल की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बरेका खेलकूद संघ के अध्यक्ष एवं प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री एस. के. श्रीवास्तव, महासचिव एवं मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) श्री सुनील कुमार, क्रिकेट सचिव एवं वरिष्ठ आंकड़ा संसाधन प्रबंधक श्री एस. के. सिंह, सहायक क्रीड़ा अधिकारी एवं सहायक कार्य प्रबंधक श्री धनंजय सिंह तथा बास्केटबॉल सचिव एवं जनसंपर्क अधिकारी श्री राजेश कुमार ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बरेका खेलकूद संघ के सभी पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया है कि सुश्री प्रिया पटेल राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तर प्रदेश के साथ-साथ बरेका और वाराणसी का नाम रोशन करेंगी। उनकी सफलता क्षेत्र की उभरती हुई खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगी।









