वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के महामना मदन मोहन मालवीय हिंदी पत्रकारिता संस्थान की ओर से गुरुवार को गांधी अध्ययन पीठ में ‘युवा संवाद 2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि युवा देश की तस्वीर बदलने के साथ उसकी दशा और दिशा तय करने में सक्षम हैं। वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि संकल्प के साथ बदलाव लाने की जरूरत है।
विद्यार्थियों से संवाद करते हुए नितिन नवीन ने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपना मार्ग स्वयं बनाते हुए निरंतर संघर्ष करना चाहिए। भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में जनभागीदारी आवश्यक है। उन्होंने स्टार्टअप, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति और रोजगार के अवसरों पर चर्चा करते हुए कहा कि आने वाले समय में काशी भी आईटी हब के रूप में विकसित होगी, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और इंटर्नशिप के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने युवाओं से अपनी संस्कृति और विरासत पर गर्व करने तथा राजनीति में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि आज का युवा विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। महात्मा गांधी के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि समाज में जिस बदलाव की अपेक्षा करते हैं, उसकी शुरुआत स्वयं से करनी चाहिए। दृढ़ संकल्प और सेवा भावना से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह ने नितिन नवीन और पंकज चौधरी को अपनी पुस्तक ‘पंच प्रण के प्राण संचार’ भेंट की। युवा प्रतिनिधियों के रूप में निशा सिंह, इशिका पाल, गरिमा पाण्डेय और साक्षी राय ने मंच साझा किया। अतिथियों ने परिसर में पौधारोपण भी किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता, स्वागत, संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह ने किया। संयोजन काशी विद्यापीठ के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष आशुतोष सिंह आशु ने किया। इस अवसर पर सहायक कुलसचिव डॉ. आनंद कुमार सिंह, राजेश राय, रोहन प्रताप सिंह, डॉ. श्रीराम त्रिपाठी, डॉ. चन्द्रशील पाण्डेय, कुलदीप सिंह, आकाश सिंह, गुरु प्रकाश सिंह, पुलकित, समर, शुक्ति, कृतिका पाण्डेय, श्वेता दुबे, समीक्षा सिंह, आकृति, गौरव, जय कृष्णा और श्रवण सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।










