वाराणसी। गरीब एवं कमजोर वर्ग के वे बच्चे, जो निरंतर मेहनत कर अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, उन्हें आगे बढ़ाना और उनकी अलग पहचान बनाना ही मेरा मुख्य उद्देश्य है। इन सभी बच्चों के मॉडल बनने के सपनों को हर संभव पूरा करने का प्रयास करूंगी और हमेशा एक कवच की तरह उनके साथ खड़ी रहूंगी। यह बातें भारत की सुप्रसिद्ध मॉडल, मिसेज एशिया एवं समाजसेविका विजयता सचदेवा ने सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में कहीं।
उन्होंने कहा कि भविष्य में अन्य गरीब और जरूरतमंद बच्चों को भी सहयोग प्रदान कर उन्हें आगे बढ़ाने के लिए वे निरंतर संकल्पित हैं। टीटीएफ फाउंडेशन द्वारा प्रकाशित कैलेंडर में चयनित बारह मॉडल बच्चों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किए जाने के बाद उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
मिसेज एशिया ने बताया कि पूर्व में लखनऊ के एक सभागार में इन बच्चों का भव्य कैलेंडर लॉन्च किया गया था, लेकिन उस कार्यक्रम में बच्चे शामिल नहीं हो सके थे। इसी कारण विगत दिनों वाराणसी में काशी विद्यापीठ परिसर में पुनः सभी बच्चों के साथ कैलेंडर लॉन्च कर उनका सम्मान किया गया।

उन्होंने जानकारी दी कि इन बारह बच्चों में से सोनाली और अनुष्का ने पिछले वर्ष प्लास्टिक फ्री इंडिया अभियान के तहत रैंप वॉक कर बेस्ट मॉडल अवार्ड प्राप्त किया था। सोमवार को सभी बच्चों को पुनः प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
विजयता सचदेवा ने कहा कि भविष्य में इन बच्चों को मॉडलिंग के क्षेत्र में आगे ले जाने और उन्हें उचित प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने के लिए ठोस कार्य योजनाएं तैयार की जा रही हैं। उनका मानना है कि यदि समाज के ऐसे बच्चों को सही मार्गदर्शन और सहयोग मिले, तो हर बच्चा अपने सपनों को उड़ान दे सकता है।
उन्होंने कहा कि आज इन बच्चों की आंखों में आशा, आत्मविश्वास और उज्ज्वल भविष्य की किरण स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। सामाजिक संस्था टीटीएफ फाउंडेशन एवं अमर स्टूडियो के अभिषेक शाक्य की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि इनके अथक प्रयासों से समाज में सकारात्मक बदलाव आ रहा है और बच्चों के कार्यक्रमों में चार चांद लग रहे हैं।
अंत में उन्होंने कहा कि इन कमजोर बच्चों के जीवन में सुधार और परिवर्तन लाने के लिए संस्था से जुड़े सभी लोग बधाई के पात्र हैं। इन बच्चों की मुस्कान और उनके सपनों को साकार होते देखना ही उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है।









