वाराणसी। चितईपुर स्थित इंदिरा नगर कॉलोनी में संचालित बाबाजी की फ्री पाठशाला में वार्षिकोत्सव एवं छात्र सम्मान समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मेधावी छात्रों को पुरस्कृत कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया गया।
पाठशाला के संचालक राजीव टंडन ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए। इस अवसर पर आर्यन मिश्रा (कक्षा 6) ने 88%, तेजस्विनी पटेल (कक्षा 8) ने 89% तथा जिया सैनी (कक्षा 8) ने 92% अंक प्राप्त कर अपनी-अपनी कक्षाओं में प्रथम स्थान हासिल किया। इन सभी मेधावी छात्रों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि शम्मी खत्री (महामंत्री, खत्री हितकारिणी सभा) एवं विशिष्ट अतिथि अंजना श्रीवास्तव (किरण संस्था में दिव्यांग छात्रों की अध्यापिका एवं कोऑर्डिनेटर) को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। साथ ही पाठशाला के उन 12 छात्रों को भी प्रमाण पत्र व मेडल प्रदान किए गए, जिन्होंने राम कथा मंदाकिनी शोभा यात्रा में भाग लेकर अपनी सहभागिता दर्ज कराई थी।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को लेखन सामग्री, चिप्स, नमकीन एवं शीतल पेय वितरित किए गए। इस अवसर पर समाज सेविका पुष्प कला झा, भारत विकास परिषद विश्वेश्वरैया शाखा के पूर्व अध्यक्ष पी.के. राय, प्रदीप गर्ग, सचिव पंकज श्रीवास्तव, प्रतीक्षा श्रीवास्तव, संजय श्रीवास्तव, अमरनाथ, आदित्य सोनी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित पूर्व प्रधानाध्यापिका श्रीमती आरती टंडन ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं सुर साम्राज्ञी Asha Bhosle के सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।









