वाराणसी, 04 मई 2026। मा० मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश एवं अन्य वीआईपी गण के आगमन, भ्रमण और प्रस्थान को लेकर काशी नगरी में 05 व 06 मई को व्यापक यातायात व्यवस्था लागू की गई है। “सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” के उद्देश्य के तहत यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने शहर के प्रमुख मार्गों पर अस्थायी रोक व डायवर्जन की एडवाइजरी जारी की है, जिससे आमजन को न्यूनतम असुविधा हो और वीआईपी कार्यक्रम सकुशल सम्पन्न कराया जा सके।
अमर उजाला तिराहा, विशेश्वरगंज, मरीमाई, मलदहिया, पिशाचमोचन, चेतगंज और गोदौलिया क्षेत्र में वीआईपी मूवमेंट के दौरान चरणबद्ध तरीके से यातायात रोका जाएगा। टेम्पो, बस, क्रूजर व चारपहिया वाहनों को लहुराबीर, मैदागिन व तेलियाबाग की ओर जाने से प्रतिबंधित करते हुए लकड़ीमंडी, गोलगड्डा, अंध्रापुल, इंग्लिशिया लाइन व बेनियाबाग जैसे वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
जेपी मेहता, गिलट बाजार, सिंधौरा अंडरपास, टीएफसी और महावीर मंदिर चौराहा से भोजूबीर की ओर जाने वाले मार्गों पर कड़ी निगरानी रहेगी। इस दौरान वाहनों को सेंट्रल जेल तिराहा, शिवपुर चुंगी, हरहुआ रिंग रोड, आजमगढ़ अंडरपास, अर्दली बाजार व पाण्डेयपुर की ओर मोड़ा जाएगा।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान आवश्यकतानुसार कुछ समय के लिए पूर्ण रोक भी लगाई जा सकती है। आमजन से अपील की गई है कि अनावश्यक यात्रा से बचें, वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और अत्यंत जरूरी कार्य होने पर पर्याप्त समय लेकर ही घर से निकलें।









