वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में शुक्रवार को माई भारत पोर्टल के संबंध में जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समाज विज्ञान संकाय स्थित थियेटर कक्ष में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने कहा कि माई भारत पोर्टल युवाओं के भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। यह पोर्टल युवाओं को विभिन्न सरकारी एवं सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने के साथ उनके व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण में सहभागिता के अवसर भी उपलब्ध करा रहा है।
कुलपति ने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे केवल माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण तक सीमित न रहें, बल्कि पोर्टल पर उपलब्ध विभिन्न गतिविधियों, प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से प्रतिभाग करें। उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में तकनीकी माध्यम युवाओं के ज्ञान, कौशल और व्यक्तित्व विकास के महत्वपूर्ण साधन बन चुके हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को डिजिटल संसाधनों का सकारात्मक एवं रचनात्मक उपयोग करना चाहिए।
प्रो. त्यागी ने कहा कि माई भारत पोर्टल के माध्यम से युवा देशभर में संचालित विभिन्न कार्यक्रमों से जुड़ने के साथ अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता को प्रदर्शित कर सकते हैं। उन्होंने विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता को युवाओं में समसामयिक ज्ञान, जागरूकता, नेतृत्व क्षमता तथा राष्ट्र के विकास के प्रति समझ विकसित करने का प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में इस पहल से जुड़कर इसका लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों को माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण तथा पंजीकरण के बाद विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई। प्रस्तुतीकरण के माध्यम से पोर्टल की उपयोगिता, पंजीकरण की प्रक्रिया तथा विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता के तरीकों को समझाया गया।

इस अवसर पर शैक्षणिक अधिष्ठाता प्रो. बंशीधर पाण्डेय ने राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यों एवं योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता का विकास होता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य केवल स्वयंसेवकों को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना नहीं, बल्कि उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से माई भारत पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न गतिविधियों एवं अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. राहुल गुप्ता ने किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के 300 से अधिक स्वयंसेवकों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर प्रो. बृजेश सिंह, समाज विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रो. आरिफ, कुलानुशासक डॉ. अंबरीष राय, प्रो. राकेश तिवारी, प्रो. सौम्या, डॉ. जय प्रकाश यादव, राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रभा शंकर मिश्र, डॉ. ध्यानेंद्र मिश्रा, डॉ. चित्रसेन, डॉ. दिनेश, डॉ. रमेश प्रजापति, डॉ. अश्वनी, डॉ. रश्मि, डॉ. अंबुज मिश्रा सहित अन्य शिक्षक एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।










