वाराणसी, 13 अक्टूबर। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों को जोड़ने और मतदाता सूची की त्रुटियों को दूर करने के लिए जिला निर्वाचन प्रशासन अभियान चलाएगा। इसके तहत 18 और 25 अक्टूबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। युवा मतदाताओं के पंजीकरण के लिए कॉलेजों में शिविर लगाए जाएंगे, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के लिए अगले डेढ़ महीने तक सास-बहू सम्मेलन आयोजित होंगे।
इस संबंध में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसमें विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से छूटे पात्र नागरिकों, अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृतक मतदाताओं की सूची (एएसडी) के पुनर्सत्यापन तथा नोटिस जारी किए गए मतदाताओं के मामलों पर चर्चा की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार छूटे हुए पात्र मतदाताओं को चिह्नित कर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए एएसडी सूची का दोबारा सत्यापन कराया जाएगा। उन्होंने सभी आठों निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को अपने सुपरवाइजरों के साथ बैठक कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और जेंडर रेश्यो को 900 तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके लिए आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के सहयोग से सास-बहू सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। जिन बूथों पर महिला मतदाताओं का अनुपात कम है, वहां विशेष अभियान चलाया जाएगा। युवा मतदाताओं के पंजीकरण के लिए कॉलेजों में भी शिविर लगाए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि 18 और 25 अक्टूबर (रविवार) को विशेष अभियान दिवस के दौरान संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मतदाता सूची और पर्याप्त संख्या में फार्म-6, 7 एवं 8 के साथ अपने निर्धारित मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहेंगे। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिक आवश्यक दस्तावेजों के साथ फार्म-6 भरकर आवेदन कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6, नाम विलोपित कराने के लिए फार्म-7 तथा नाम, विवरण में संशोधन या पते के परिवर्तन के लिए फार्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in पर भी ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को विशेष अभियान दिवसों की जानकारी देने तथा छूटे हुए पात्र मतदाताओं को पंजीकरण के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रयास किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
बैठक में एडीएम प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार, सभी ईआरओ तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।










