वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 के तहत गुरुवार को ‘रेल सेवा आचरण नियम और हितों का टकराव’ विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। इसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सेवा नियमों, नैतिक मूल्यों, निष्पक्षता और पारदर्शिता के महत्व से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा ने पश्चिम रेलवे के पूर्व वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी एवं अतिथि वक्ता शांतनु आंबेकर का पौधा और अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया। उन्होंने कार्यस्थल पर सत्यनिष्ठा, जवाबदेही और पारदर्शिता बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उप मुख्य सतर्कता अधिकारी नीरज सिंह ने स्वागत संबोधन में व्याख्यान की प्रासंगिकता और अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
अतिथि वक्ता शांतनु आंबेकर ने रेल सेवा आचरण नियमों के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ करना चाहिए। उन्होंने व्यक्तिगत हितों और सरकारी जिम्मेदारियों के बीच संभावित टकराव की परिस्थितियों तथा उनमें उचित निर्णय लेने के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही सेवा नियमों के पालन और उच्च नैतिक मानदंड बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

व्याख्यान के दूसरे सत्र में विषय से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं पर चर्चा हुई। प्रश्नोत्तर सत्र में वक्ता ने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए हितों के टकराव की स्थिति में नियमसम्मत निर्णय लेने और सेवा आचरण नियमों के प्रभावी अनुपालन की जानकारी दी।
कार्यक्रम में मुख्य अभिकल्प इंजीनियर-विद्युत अनुराग कुमार गुप्ता, मुख्य विद्युत इंजीनियर-लोको अरविंद कुमार जैन, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर-सर्विस इंजीनियर विपुल सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। आयोजन में मुख्य सतर्कता निरीक्षक सुधीर कुमार जैन का विशेष योगदान रहा। संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन उप मुख्य सतर्कता अधिकारी नीरज सिंह ने किया।










