वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में मंगलवार को विजयादशमी पर्व पारंपरिक उल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। बरेका खेलकूद स्टेडियम में आयोजित समारोह में रामलीला के भावपूर्ण मंचन के बाद 70 फीट ऊंचे रावण, 65 फीट के कुंभकर्ण और 60 फीट के मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। इस दौरान पूरा परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा और आकर्षक आतिशबाजी ने समारोह को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बरेका महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भगवान श्रीराम, माता जानकी और भगवान लक्ष्मण की आरती कर किया। महाप्रबंधक ने सभी को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए सुखी, स्वस्थ और मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि विजयादशमी बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म और अहंकार पर विनम्रता की विजय का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से पर्व के संदेश को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
श्री एस.डी. सिंह के निर्देशन में प्रस्तुत रूपक रामलीला में राम वनगमन, सीता हरण, वानरों द्वारा सीता की खोज, लंका दहन, हनुमान जी की वापसी और विभीषण की शरणागति सहित रामकथा के प्रमुख प्रसंगों का सजीव मंचन किया गया। अंगद-रावण संवाद, लक्ष्मण शक्ति, कुंभकर्ण वध, मेघनाद वध, सुलोचना विलाप और राम-रावण युद्ध के दृश्यों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। विभीषण द्वारा रावण की मृत्यु का रहस्य बताए जाने के बाद भगवान श्रीराम ने रावण का वध किया, जिसके साथ रामलीला का समापन हुआ।

इसके बाद आकर्षक आतिशबाजी के बीच तीनों पुतलों का दहन किया गया। रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों के धू-धूकर जलते ही मैदान जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। रंग-बिरंगी आतिशबाजी और दर्शकों के उत्साह ने विजयादशमी के उल्लास को और बढ़ा दिया।
समारोह में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर राम जन्म, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा, महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य, विजयादशमी समिति के अध्यक्ष एवं मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) राम जन्म चौबे, जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार, समिति के महामंत्री अनूप सिंह वत्स, कर्मचारी परिषद के सदस्य नवीन कुमार सिन्हा एवं सुशील कुमार सिंह सहित बरेका के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।










