वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में कर्मचारियों के हितों एवं कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर बुधवार को प्रशासन एवं कर्मचारी परिषद के बीच सकारात्मक एवं सार्थक संवाद हुआ। प्रशासनिक भवन स्थित कीर्ति कक्ष में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री मनीष कुमार ने की।
बैठक का उद्देश्य कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं मांगों पर विचार-विमर्श कर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी पहल करना था। कर्मचारी परिषद के प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों के कल्याण, कार्य सुविधाओं एवं अन्य आवश्यक मुद्दों को प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से रखा। प्रशासनिक अधिकारियों ने परिषद द्वारा उठाए गए विषयों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा उनके त्वरित एवं व्यावहारिक समाधान का सकारात्मक आश्वासन दिया।
अध्यक्षीय संबोधन में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री मनीष कुमार ने कहा कि कर्मचारियों की कार्यसंतुष्टि एवं कल्याण किसी भी संस्थान की प्रगति और उत्पादकता का मूल आधार है। उन्होंने प्रशासन और कर्मचारियों के बीच निरंतर संवाद, पारस्परिक सहयोग एवं विश्वास की भावना को और मजबूत बनाने पर बल दिया।

बैठक में प्रधान वित्त सलाहकार श्री मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर श्री शैलेंद्र कुमार सिंह, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री लालजी चौधरी, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार तथा महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त श्री देवराज कुमार मौर्य सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कर्मचारी परिषद की ओर से संयुक्त सचिव श्री प्रदीप कुमार यादव एवं परिषद सदस्य श्री अमित कुमार, श्री नवीन कुमार सिन्हा, श्री श्रीकांत यादव, श्री सुशील कुमार सिंह, श्री संतोष कुमार यादव, श्री धर्मेंद्र कुमार सिंह तथा श्री मनीष कुमार सिंह ने सहभागिता करते हुए कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रशासन के समक्ष रखा।










