वाराणसी। ऑडिट कार्यों की गुणवत्ता और प्रभावशीलता को मजबूत बनाने के उद्देश्य से अतिरिक्त उप नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (रेलवे) प्रवीर पांडेय ने सोमवार को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने लोको निर्माण प्रक्रिया, तकनीकी उत्कृष्टता और गुणवत्ता मानकों का गहन निरीक्षण किया।
दौरे की शुरुआत महाप्रबंधक आशुतोष पंत के साथ एक विस्तृत बैठक से हुई, जिसमें लोको निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। इसके बाद श्री पांडेय कार्यशाला पहुंचे, जहां उन्होंने लोको फ्रेम शॉप, असेंबली शॉप, ट्रक मशीन शॉप और लोको टेस्ट शॉप का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने ‘अमृत भारत’ लोकोमोटिव और WAP-7 locomotive के कैब का भी अवलोकन किया। कार्यशाला भ्रमण के दौरान मुख्य विद्युत इंजीनियर (निरीक्षण) भारद्वाज चौधरी एवं उप मुख्य विद्युत इंजीनियर (लोको) सुदीप रावत ने उन्हें बरेका की निर्माण प्रक्रिया, तकनीकी नवाचार और गुणवत्ता मानकों की विस्तृत जानकारी दी।

इस दौरे का मुख्य उद्देश्य बरेका में निर्मित इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के निर्माण कार्यों का अवलोकन कर ऑडिट प्रक्रियाओं की गुणवत्ता और प्रभावशीलता को और सुदृढ़ करना था।
इस अवसर पर प्रधान निदेशक लेखापरीक्षा (रेलवे), कोलकाता पुष्कर कुमार, उप निदेशक लेखा परीक्षा बरेका मनोज कुमार श्रीवास्तव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।









