वाराणसी। बड़ागांव थाना क्षेत्र में 26 दिसंबर की रात मादक पदार्थ सेवन को लेकर हुए विवाद में अश्वनी सिंह उर्फ मोनल (23) की धारदार हथियार से हत्या के मामले में पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त आर्यन पटेल उर्फ ठल्लू की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, मृतक के भाई की तहरीर पर थाना बड़ागांव में मुकदमा संख्या 526/25 धारा 191(3), 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त गोमती ज़ोन आकाश पटेल एवं अपर पुलिस उपायुक्त वैभव बांगर ने मौके का निरीक्षण कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। पुलिस टीम ने पहले 27 दिसंबर को लवकुश पटेल उर्फ लालू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद 29 दिसंबर को मुखबिर की सूचना पर कोईराजपुर अंडरपास के पास से शनि पटेल उर्फ अर्जुन और आर्यन पटेल उर्फ ठल्लू को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि ग्राम भेलखा स्थित सूर्या भट्टा के पास विवाद के दौरान लवकुश पटेल, अर्जुन पटेल, आर्यन पटेल व अन्य ने मिलकर अश्वनी सिंह पर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद चाकू को गेहूं के खेत में फेंक दिया गया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया। पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल अन्य अभियुक्तों की तलाश जारी है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।









