वाराणसी। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी बुधवार को कोषागार प्रांगण में “पेंशनर्स दिवस” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (आपूर्ति) ने की। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक पेंशनर सेवा संस्थान से जुड़े सैकड़ों पेंशनरों ने सहभागिता कर अपनी समस्याओं और मांगों को मुखरता से रखा। पेंशनर्स दिवस की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष राजेश्वर पांडे एवं मंत्री जयराज बहादुर सिंह ने स्थानीय एवं राज्य स्तरीय समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन सौंपा और उनके अतिशीघ्र समाधान की मांग की। पेंशनरों ने शासन से अपेक्षा जताई कि वर्षों से लंबित मांगों पर संवेदनशीलता के साथ निर्णय लिया जाए। कार्यक्रम में पेंशनरों ने प्रमुख रूप से डिजिटल परिपत्र जारी करने, वरिष्ठ नागरिक पेंशनरों को समुचित कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, सरकारी अस्पतालों में उपचार हेतु वरीयता दिए जाने, राशिकरण कटौती की अवधि 15 वर्ष से घटाकर 11 वर्ष करने, 65, 70 एवं 75 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर क्रमशः 5, 10 एवं 15 प्रतिशत पेंशन वृद्धि, तथा आठवें वेतन आयोग की संस्तुतियों का लाभ सभी पेंशनरों को देने जैसी महत्वपूर्ण मांगें रखीं। पेंशनर्स दिवस के अवसर पर के.आर. शास्त्री, इं. आनंद लाल, इं. संजय कुमार श्रीवास्तव, अब्दुल सलाम, बंसीलाल जायसवाल, राजेश कुमार श्रीवास्तव, संत लाल यादव, दीपेंद्र कुमार श्रीवास्तव, इं. सी.बी. सिंह, इं. अशोक सिंह, डॉ. लालचंद, उमेश बहादुर सिंह, पूजन पाल, विलोचन तिवारी, उमेश चंद्र राय सहित बड़ी संख्या में पेंशनर उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में प्रशासनिक अधिकारियों ने पेंशनरों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।









