Follow us on

Home » राज्य समाचार » उत्तर प्रदेश » वाराणसी » पीएम मोदी के स्वागत में तैयार काशी, ढोल-नगाड़ों के बीच बरसेंगे फूल

पीएम मोदी के स्वागत में तैयार काशी, ढोल-नगाड़ों के बीच बरसेंगे फूल

Share this post:

वाराणसी। काशी के सांसद एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 अक्टूबर को वाराणसी आगमन पर भाजपा भव्य स्वागत की तैयारी में जुटी है। प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पुलिस लाइन से नमोघाट तक 11 स्थानों पर स्वागत केंद्र बनाए गए हैं। यहां ढोल-नगाड़ों की गूंज, डमरू दल के वादन, शंखनाद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच ‘जय श्रीराम’ और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से उनका अभिनंदन किया जाएगा। विभिन्न स्थानों पर गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा कर प्रधानमंत्री का स्वागत होगा।

भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर को सुबह 10 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से हेलीकॉप्टर द्वारा मिर्जामुराद जाएंगे और अरविंद मिल का लोकार्पण करेंगे। इस मिल से 300 महिलाओं सहित करीब एक हजार लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला हुआ है।

इसके बाद प्रधानमंत्री दोपहर 12 बजे हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग द्वारा नमोघाट जाएंगे और गंगा के ऊपर आयोजित भारतीय वायुसेना के भव्य एयर शो में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री के निर्धारित मार्ग से गुजरने के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और काशीवासी स्वागत केंद्रों पर मौजूद रहेंगे। इन स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से उनका अभिनंदन किया जाएगा और पुष्पवर्षा कर स्वागत होगा। इसके लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।

अशोक चौरसिया के अनुसार, स्वागत केंद्र पुलिस लाइन मुख्य द्वार, पुलिस लाइन चौराहा, खजूरी-मकबूल आलम रोड पर यस बैंक के सामने, हुकुलगंज त्रिमुहानी, चौकाघाट लकड़ी मंडी, सिटी स्टेशन के सामने, गोलगड्डा चौराहा रेलवे अंडरपास, भदऊं चुंगी, रेलवे पुल से पहले, नमोघाट जाने वाली ढलान और नमोघाट मोड़ स्थित सीएनजी स्टेशन के सामने बनाए गए हैं।

दोपहर दो बजे एयर शो समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री पुलिस लाइन से एयरपोर्ट जाएंगे। इसके बाद वह दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल