वाराणसी। कोतवाली थाना क्षेत्र के कतुआपुरा स्थित मलिन बस्ती से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक दलित महिला ने एक युवक पर पहचान छुपाकर शादी करने और शारीरिक व मानसिक शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी युवक ने अपनी असली पहचान छुपाकर उसे प्रेम जाल में फंसाया और बाद में उससे विवाह कर लिया। विवाह के बाद आरोपी और उसके परिजनों द्वारा उसके साथ लगातार अत्याचार किया गया। महिला का आरोप है कि उसे देह व्यापार में धकेलने की कोशिश की गई तथा मुंबई ले जाकर बेचने की योजना बनाई जा रही थी। इस दौरान उस पर मानसिक दबाव बनाकर अवैध कार्य करने के लिए मजबूर किया गया।
पीड़िता के अधिवक्ता श्याम सुंदर चौरसिया के मुताबिक, पुलिस ने शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे आरोपी को हिरासत में लिया था। हालांकि शाम करीब 7 बजे जब वे थाने पहुंचे, तो पता चला कि आरोपी पुलिस कस्टडी से फरार हो गया है।

इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। अधिवक्ता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी और उसके परिजन पीड़िता के घर पर दबाव बना रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, जिससे पीड़िता का परिवार दहशत में है। बताया गया कि इस तनाव के कारण पीड़िता की मां की तबीयत भी बिगड़ गई है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।










