वाराणसी। जंसा थाना क्षेत्र के चौखंडी रेलवे लाइन पर सोमवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। पति से विवाद के बाद एक महिला अपनी तीन वर्षीय मासूम बेटी के साथ ट्रेन के आगे कूद गई, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जंसा थाना क्षेत्र के लच्छीपुर गांव निवासी अनीता देवी (22) पत्नी अजीत कुमार अपनी तीन वर्षीय पुत्री दर्शना के साथ सोमवार को चौखंडी रेलवे लाइन पर पहुंची। इसी दौरान वाराणसी से प्रयागराज की ओर जा रही सारनाथ एक्सप्रेस के सामने दोनों ने छलांग लगा दी। ट्रेन की चपेट में आने से मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मायके पक्ष के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए और रो-रोकर बुरा हाल हो गया। रेलवे विभाग के गेटमैन की सूचना पर जंसा पुलिस तथा जीआरपी मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका के पिता बद्रीप्रसाद ने पुलिस को दी गई तहरीर में दामाद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अजीत कुमार अक्सर उनकी बेटी से विवाद करता था, जिसके चलते अनीता पिछले करीब तीन वर्षों से मायके में रह रही थी। सोमवार को वह काम पर गए हुए थे, इसी दौरान दामाद घर आया और किसी बहाने से बेटी को अपने साथ ले गया। बाद में उन्हें इस दर्दनाक घटना की जानकारी मिली।
वहीं पति अजीत कुमार का कहना है कि उसकी पत्नी की तबीयत खराब थी। वह उसे बाइक से मायके से लेकर दवा दिलाने के लिए भवानीपुर जा रहा था। रास्ते में चौखंडी रेलवे लाइन के पास पत्नी ने सहेली से मिलने की बात कही और रेलवे लाइन पार करने लगी। उसी दौरान ट्रेन आती देख वह बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन तब तक ट्रेन पत्नी और बेटी के ऊपर से गुजर गई।
इस संबंध में जंसा थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि मृतका के पिता बद्रीप्रसाद की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









