वाराणसी, 19 फरवरी 2026। कमिश्नरेट वाराणसी में अपराध व अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चितईपुर पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया वायरिंग का तार भी बरामद किया है।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर तथा पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन एवं अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण में, सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर और प्रभारी निरीक्षक चितईपुर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
थाना चितईपुर पुलिस टीम ने 18 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर करौंदी नरिया रोड स्थित विद्युत उपखंड के पास से दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में संजय गुप्ता (29 वर्ष) निवासी मछरहट्टा वार्ड थाना रामनगर तथा विष्णु कुमार चौबे (22 वर्ष) निवासी अहिराना बस्ती गोलाघाट थाना रामनगर शामिल हैं।

18 फरवरी 2026 को एक आवेदक ने थाना चितईपुर में प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि उसके निर्माणाधीन मकान से अज्ञात व्यक्तियों द्वारा वायरिंग किया हुआ तार, बोर्ड एवं अन्य विद्युत सामग्री चोरी कर ली गई है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मु0अ0सं0-37/2026 धारा 305(ए) बीएनएस व बढ़ोत्तरी धारा 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को चोरी के सामान सहित गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने अभियुक्तों के पास से चोरी किया गया वायरिंग का तार बरामद किया है। गिरफ्तारी व बरामदगी की कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार गौतम, उपनिरीक्षक अवनीश कुमार, उपनिरीक्षक रवि चौहान, उपनिरीक्षक राकेश सिंह, उपनिरीक्षक सिद्धार्थ यादव एवं कांस्टेबल कमल किशोर शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।









