वाराणसी। कमिश्नरेट पुलिस द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चितईपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने चोरी किए गए घरेलू गैस सिलेंडर को बरामद करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा को भी कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय चोरी करने वाले तत्वों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस आयुक्त के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त काशी जोन, अपर पुलिस उपायुक्त एवं सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक चितईपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार अपराधियों की धरपकड़ में जुटी हुई थी। इसी क्रम में मुखबिर की सटीक सूचना पर थाना चितईपुर पुलिस ने नारायणी विहार कॉलोनी के पास घेराबंदी कर दो संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया। तलाशी एवं पूछताछ के दौरान उनके कब्जे से चोरी किया गया इंडेन कंपनी का घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार बीते दिनों इंद्रानगर कॉलोनी क्षेत्र में गैस वितरण के दौरान डिलीवरी कर्मी की मोटरसाइकिल पर रखा घरेलू गैस सिलेंडर अज्ञात चोरों द्वारा पार कर दिया गया था। घटना के बाद पीड़ित की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस लगातार आरोपितों की तलाश में जुटी हुई थी। अंततः पुलिस की सक्रियता रंग लाई और दोनों अभियुक्त गिरफ्त में आ गए।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान भदोही जनपद निवासी मनीष पाण्डेय तथा चितईपुर क्षेत्र निवासी संतोष सोनकर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी का लाल रंग का घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा को भी जब्त कर लिया गया है।
पूछताछ में अभियुक्तों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब इनके आपराधिक इतिहास सहित अन्य घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने चितईपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है।
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार गौतम, उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक आदित्य मिश्रा, कांस्टेबल चंद्रपाल एवं रिक्रूट कांस्टेबल जनार्दन प्रसाद की विशेष भूमिका रही।









