वाराणसी। शहर में लगातार गंभीर होती यातायात समस्या और जाम से आमजन को राहत दिलाने के उद्देश्य से नगर निगम ने अहम निर्णय लिया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने निर्देश जारी करते हुए शहर की कॉलोनियों द्वारा लगाए गए बंद गेटों को निर्धारित समयावधि में खोलने का आदेश दिया है। यह व्यवस्था चरणबद्ध तरीके से पूरे शहर में लागू की जाएगी, ताकि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाया जा सके। यह फैसला अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) की रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है। रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया कि भोजूबीर, अर्दली बाजार, महावीर मंदिर जैसे अत्यधिक व्यस्त क्षेत्रों में जाम का मुख्य कारण कॉलोनियों व आंतरिक गलियों के बंद गेट हैं। पहले जिन आंतरिक मार्गों का उपयोग वाहन बाईपास के रूप में करते थे, वे अब अवरुद्ध हो चुके हैं। गेट खुलने से वाहनों को वैकल्पिक मार्ग मिलेंगे और मुख्य चौराहों पर दबाव घटेगा। प्रथम चरण में टैगोर टाउन, भुवनेश्वर नगर और विन्ध्यवासिनी नगर को चिन्हित किया गया है। यहां निर्धारित समय के अनुसार गेट खोलने की प्रक्रिया शुरू होगी, जिससे इसके प्रभाव और व्यवहारिकता का आकलन किया जा सके। इसके बाद अन्य कॉलोनियों को भी इस व्यवस्था में शामिल किया जाएगा। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि कॉलोनीवासियों की सुरक्षा सर्वोपरि रहेगी। गेट खुलने के दौरान प्रमुख मार्गों पर निगरानी रखी जाएगी और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किए जाएंगे। समय निर्धारण के अनुसार भारी यातायात वाले क्षेत्रों में गेट सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक, जबकि सामान्य यातायात वाले क्षेत्रों में सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक खुले रहेंगे। नगर आयुक्त ने जोनल अधिकारियों को कॉलोनीवासियों व प्रतिनिधियों से समन्वय कर व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू कराने के निर्देश दिए हैं। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि यह पहल जनहित में है। इससे शहर की यातायात व्यवस्था बाधामुक्त होगी और नागरिकों को आवागमन में उल्लेखनीय राहत मिलेगी।









