लखनऊ। दिल्ली में हुए भीषण धमाके के बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) संदिग्धों की तलाश में लगातार देशभर में छापेमारी कर रही है। घटना में कई निर्दोष नागरिकों की मौत के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जांच को और तेज कर दिया है।सोमवार को एनआईए की एक टीम ने लखनऊ के खंदारी बाजार स्थित संदिग्ध आरोपी शाहीन के पिता के घर पर दबिश दी। टीम ने वहां कई महत्वपूर्ण दस्तावेज़ों और डिजिटल उपकरणों की तलाशी ली। अधिकारियों के अनुसार, धमाके की साजिश से जुड़े संभावित संपर्कों और नेटवर्क की जानकारी जुटाने के लिए यह कार्रवाई की गई।बताया जा रहा है कि एनआईए की टीमें लखनऊ, दिल्ली और कश्मीर समेत कई राज्यों में समन्वित रूप से छापेमारी कर रही हैं, ताकि आरोपियों की गतिविधियों, सहयोगियों और वित्तीय लेन-देन से जुड़ी पुख्ता जानकारी एकत्र की जा सके। धमाके में जान गंवाने वाले नागरिकों के परिवारों को न्याय दिलाने तथा साजिश के हर कड़ी तक पहुँचने के लिए एजेंसियाँ लगातार जुटी हुई हैं। जांच एजेंसियों का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।









