वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 18 से 20 मार्च, 2026 तक तीन दिवसीय ध्यान एवं तनाव प्रबंधन कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। प्रतिदिन अपराह्न 3:00 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित इस कार्यक्रम का विषय “ध्यान करना सीखें – सहज मार्ग, एक कुदरती मार्ग” रखा गया है।
कार्यशाला के प्रथम दिन प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र में हार्टफुलनेस मेडिटेशन कार्यक्रम आयोजित हुआ। यह पहल कर्मचारियों के समग्र कल्याण, स्वस्थ कार्य वातावरण के निर्माण तथा तनावमुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम का आयोजन हार्टफुलनेस संस्था, वाराणसी के सहयोग से किया जा रहा है, जो विश्व के 160 से अधिक देशों में नि:शुल्क ध्यान योग प्रशिक्षण प्रदान करती है।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता भारतीय आर्थिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी एवं हार्टफुलनेस ट्रेनर श्री आर.पी. मिश्रा तथा सनबीम वरुणा, वाराणसी की पूर्व प्रोफेसर एवं ट्रेनर श्रीमती शोभिता श्रीवास्तव ने तनाव प्रबंधन के विभिन्न आयामों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि क्रोध और तनाव जैसी नकारात्मक भावनाओं पर नियंत्रण पाने तथा जीवन में शांति और प्रसन्नता बनाए रखने में ध्यान की महत्वपूर्ण भूमिका है। सत्र के दौरान श्रीमती श्रीवास्तव ने प्रतिभागियों को शिथिलीकरण (रिलैक्सेशन) का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया।

विशेषज्ञों ने बताया कि हार्टफुलनेस ध्यान पद्धति पारंपरिक राजयोग पर आधारित है, जिसे आधुनिक जीवनशैली के अनुरूप विकसित किया गया है। इसके प्रमुख चरण—विश्राम, ध्यान, शुद्धिकरण और प्रार्थना—नियमित अभ्यास से मानसिक तनाव में कमी, एकाग्रता में वृद्धि, भावनात्मक संतुलन और समग्र स्वास्थ्य में सुधार लाते हैं। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को ध्यान का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
सत्र के अंत में कर्मचारियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि ध्यान अभ्यास से उन्हें मानसिक शांति, हल्केपन और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हुआ। विशेषज्ञों ने यह भी बताया कि नियमित ध्यान से रक्तचाप नियंत्रित रखने, नींद की गुणवत्ता सुधारने और कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायता मिलती है।
कार्यक्रम में मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) श्री सुनील कुमार, सहायक वित्त सलाहकार श्री रमाशंकर जायसवाल, ट्रेनर श्री संतोष पाठक सहित बड़ी संख्या में बरेका के कर्मचारी एवं महिला कर्मियों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। मंच संचालन मुख्य सतर्कता निरीक्षक एवं ट्रेनर श्री सुधीर कुमार जैन ने किया।









