वाराणसी। डालर समूह के चेयरमैन एवं आर्य रत्न दीनदयाल गुप्ता के आकस्मिक निधन से शहर सहित विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और शैक्षिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन की सूचना मिलते ही आर्य समाज एवं अन्य संगठनों में शोक सभाओं का आयोजन किया गया, जहां लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
रामापुरा स्थित मातृ कन्या गुरुकुल में आयोजित शोक सभा में गुरुकुल की संचालिका व प्राचार्या डॉ. गायत्री आर्या ने दीनदयाल गुप्ता के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि उनका गुरुकुल के प्रति स्नेह, सहयोग और मार्गदर्शन हमेशा प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने कहा कि वे शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में एक मजबूत स्तंभ थे, जिनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।
इसी क्रम में आर्य समाज भोजूवीर में आयोजित शोक सभा में महर्षि दयानन्द काशी शास्त्रार्थ स्मृति न्यास के ट्रस्टी एवं न्यास अध्यक्ष प्रमोद आर्य ‘आर्षेय’ ने कहा कि दीनदयाल गुप्ता आर्य समाज के महान सेवक, महर्षि दयानंद सरस्वती के अनन्य अनुयायी और अनेक संस्थाओं व गुरुकुलों के संरक्षक थे। उन्होंने अपने जीवन को समाज सेवा और वैदिक परंपराओं के प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित कर दिया था। उनके निधन से समाज को अपूरणीय क्षति हुई है।

शोक सभा में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की।
इस अवसर पर उपप्रधान कपिल देव आर्य, मंत्री राजकुमार वर्मा, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र कश्यप, मीडिया प्रभारी एवं आजीवन न्यासी सदस्य आर्य रवि प्रकाश बरनवाल, जिला सभा प्रधान लल्लू प्रसाद आर्य, मंत्री चंद्रदीप आर्य, उपप्रधान रवि प्रकाश आर्य, वेद प्रकाश आर्य, अरुण आर्य, मनोहर आर्य, सुशील आर्य, अखिलेश आर्य, डॉ. कृष्ण मोहन बरनवाल, सुनील जायसवाल, शशि प्रकाश आर्य, प्रदीप आर्य, डॉ. माधुरी रानी, सीए विष्णु प्रसाद, सूरज बरनवाल, रमाशंकर आर्य, अनंत लाल आर्य, वरुण आर्य, पं. रामदेव शास्त्री, उदय आर्य, प्रमोद शास्त्री सहित अनेक लोग उपस्थित थे।










