वाराणसी। बीएलडब्ल्यू के खेल मैदान पर मंगलवार को खेले गए सब जूनियर अंडर-14 फुटबॉल लीग मुकाबले में जमशेदपुर फुटबॉल क्लब ने इंटर काशी फुटबॉल अकादमी को 2-0 से पराजित कर पूरे तीन अंक अपने नाम कर लिए। रोमांच से भरपूर इस मुकाबले में दोनों टीमों ने तेज़ और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन निर्णायक बढ़त जमशेदपुर को ही मिली। पहले हाफ में दोनों टीमें गोल करने में सफल नहीं हो सकीं।
इंटर काशी फुटबॉल अकादमी ने कई बेहतरीन मूव और आक्रमण किए, मगर जमशेदपुर के गोलकीपर ने शानदार बचाव करते हुए हर प्रयास को विफल कर दिया। मजबूत डिफेंस और चुस्त गोलकीपिंग के चलते पहला हाफ गोलरहित समाप्त हुआ, दूसरे हाफ में जमशेदपुर ने रणनीति में बदलाव करते हुए मैच पर अपनी पकड़ मजबूत की। 49वें मिनट में पियूष मेहतो ने शानदार गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद 60वें मिनट में कार्तिकेयन ने दाएं छोर से मिले सटीक क्रॉस पर बेहतरीन फिनिशिंग करते हुए दूसरा गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। इसके बाद इंटर काशी ने वापसी की कोशिश की, लेकिन जमशेदपुर की सुदृढ़ रक्षापंक्ति के सामने उनकी एक न चली और मैच का परिणाम 2-0 पर ही समाप्त हुआ। मैच के मुख्य अतिथि बीएलडब्ल्यू के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में मशहूर फुटबॉलर भैरव दत्त उपस्थित रहे। मुकाबले का सफल संचालन लक्ष्मण अवार्डी मुश्ताक अली एवं इंटर काशी के दिनेश नेगी ने किया। इस जीत के साथ जमशेदपुर फुटबॉल क्लब ने लीग में अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है।









