वाराणसी। सामाजिक सरोकारों और जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय वरिष्ठ समाजसेवी राधा सिंह को उनके उत्कृष्ट कार्यों एवं संगठनात्मक दक्षता के आधार पर इनरव्हील क्लब ऑफ बनारस का तीसरी बार निर्विरोध सचिव (सेक्रेटरी) चुना गया है। उनके पुनर्निर्वाचन को सामाजिक सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और नेतृत्व क्षमता का सम्मान माना जा रहा है।
राधा सिंह वर्तमान में उत्तर प्रदेश दिव्यांगजन सलाहकार बोर्ड की सदस्य, सक्षम काशी प्रांत की महिला प्रमुख, स्वावलंबन पैरेंट्स एसोसिएशन की चेयरमैन, विश्व हिंदू महासंघ मातृशक्ति उत्तर प्रदेश की प्रदेश मंत्री तथा जय भारत मंच महिला मोर्चा काशी प्रांत की प्रांत महामंत्री सहित विभिन्न सामाजिक दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं।
वर्षों से वे दिव्यांगजन, महिलाओं एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, स्वरोजगार और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं। उनके नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी प्रयासों से समाज के विभिन्न वर्गों को लाभ मिला है। इसी सक्रियता और समर्पण को देखते हुए क्लब ने उन पर लगातार तीसरी बार विश्वास जताते हुए सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी है।

इस अवसर पर क्लब की अध्यक्षा सुषमा सिंह, पूर्व अध्यक्षा प्रियवंदा सिंह, वीना सिंह, आरती पाठक, राजश्री, रेखा सिंह, लकी गुप्ता, बिंदु बाला गुप्ता, सुनीता साहनी, सुषमा शुक्ला सहित अन्य सदस्यों ने राधा सिंह को तीसरी बार निर्विरोध सचिव निर्वाचित होने पर बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।







