वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन पर चोरी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने एक अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। प्लेटफॉर्म नंबर 4 के पास संदिग्ध गतिविधि के चलते पकड़े गए आरोपियों के पास से 55 हजार रुपये नकद, ज्वैलरी और चोरी के उपकरण सहित कुल 1.1 लाख रुपये मूल्य का सामान बरामद किया गया है। घटना 30 नवंबर 2025 की दोपहर लगभग 3:17 बजे की है। संयुक्त टीम रोलिंग हट के समीप गश्त कर रही थी तभी चार युवक संदिग्ध हालत में दिखे। पूछताछ के दौरान गड़बड़ी पकड़े जाने पर जब उन्होंने भागने की कोशिश की तो पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों को दबोच लिया। यह पूरी कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक (रेलवे) एवं पुलिस अधीक्षक (रेलवे) के निर्देशन में चल रहे चोरी रोकथाम अभियान का हिस्सा थी।गिरफ्तार गिरोह हरियाणा के हिसार और भिवानी जिलों का रहने वाला है। पकड़े गए अभियुक्तों में संदीप कुमार (39) निवासी भटोल रागदान, हांसी (हिसार), प्रवीण (35) निवासी रोहनात, बुआनीखेड़ा (भिवानी), सतीश (38) निवासी रोहनात, बुआनीखेड़ा (भिवानी) और नरेंद्र (33) निवासी गगनखेड़ी, हांसी (हिसार) शामिल हैं। यह गिरोह विभिन्न राज्यों में सक्रिय रहकर रेलवे स्टेशनों पर जेब काटने, बैग उड़ाने और प्लेटफॉर्म–ट्रेनों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता रहा है।तलाशी के दौरान आरोपियों से 55,000 रुपये नकद, एक जोड़ी बिछिया, दो जोड़ी पायल सहित ज्वैलरी और दो पेचकस, एक पिलास, एक कटर, एक चाबी और टी-लॉक जैसे चोरी के उपकरण बरामद हुए। बरामद माल का कुल मूल्य 1.1 लाख रुपये आंका गया है।चारों अभियुक्त जीआरपी कैंट वाराणसी और कानपुर के चार अलग-अलग मामलों में वांछित थे। पुलिस ने इनके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) चोरी, धारा 304(2) गिरोह बनाकर चोरी, तथा धारा 305(सी) आपराधिक षड्यंत्र के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों को विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।पिछले कुछ महीनों में रेलवे क्षेत्र में चोरी और लूट के कई मामलों में पुलिस को लगातार सफलता मिली है। जुलाई 2025 में चलती ट्रेनों में वारदात करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के तीन सदस्य पकड़े गए थे। वहीं सितंबर 2025 में एक घुमंतु गिरोह के दो चोरों को गिरफ्तार कर लाखों के गहने बरामद किए गए थे। लगातार हो रही इन सफल अभियानों से स्पष्ट है कि पुलिस रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर पूरी सतर्कता बरत रही है और संगठित अपराधों पर कड़ी नजर बनाए हुए है।









