वाराणसी। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat), वाराणसी द्वारा गृह मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से 17वाँ जनजातीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस बहुप्रतीक्षित कार्यक्रम के तहत देश के विभिन्न राज्यों एवं जनपदों से लगभग 200 जनजातीय युवा काशी पहुंच रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सांस्कृतिक, शैक्षिक एवं सामाजिक अनुभवों के माध्यम से देश की मुख्यधारा से जोड़ना है। जिला युवा अधिकारी यतेंद्र सिंह ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में बताया कि कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ 12 फरवरी (गुरुवार) को दोपहर 12 बजे शगुन गेस्ट हाउस, भट्टी (लोढ़ा बाजार के पास, भदोही रोड, वाराणसी) में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस आदान-प्रदान कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों के युवाओं को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विकासपरक योजनाओं तथा शैक्षणिक अवसरों से परिचित कराना है, ताकि उनमें राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता एवं नेतृत्व क्षमता का विकास हो सके। कार्यक्रम में झारखंड के पश्चिम सिंहभूम, महाराष्ट्र के गड़चिरौली, छत्तीसगढ़ के बीजापुर, नारायणपुर एवं कांकेर, ओडिशा के कालाहांडी एवं कंधमाल तथा मध्यप्रदेश के बालाघाट जनपदों के प्रतिभागी शामिल होंगे।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को काशी की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों का भ्रमण कराया जाएगा। साथ ही विभिन्न विकासात्मक गतिविधियों की जानकारी, संवाद सत्र, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं अनुभव साझा करने जैसे आयोजन किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से विभिन्न राज्यों के युवाओं के बीच आपसी समझ, सौहार्द और राष्ट्रीय एकात्मता की भावना को सुदृढ़ किया जाएगा। जिला युवा अधिकारी यतेंद्र सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम जनजातीय युवाओं के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास वृद्धि तथा उनके उज्ज्वल भविष्य निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।










